मौसम विभाग ने इन राज्यों में आंधी और भीषण तूफान को लेकर जारी किया अलर्ट 

Author Picture
By Sharma Published On: May 9, 2022

नई दिल्ली।बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान Asani आज भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है और इस कारण से तीन राज्यों ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 6 घंटे में चक्रवाती तूफान ‘आसानी’ अपना विकराल रूप दिखा सकता है। चक्रवात Asani के उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ने और ओडिशा तट से दूर बंगाल की खाड़ी में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

 

मौसम विभाग ने बताया है कि बीते 6 घंटे के दौरान यह तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। चक्रवात Asani को देखते हुए बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि ‘आसानी’ चक्रवात की वजह से मंगलवार से उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों पर तेज हवाएं और बारिश होने की संभावना है।

 

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि चक्रवात Asani अगले 6 घंटों में दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान निदेशक हबीबुर्रहमान विश्वास ने कहा कि तूफान का प्रभाव दक्षिण पूर्व और उससे सटे पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में, कार निकोबार (निकोबार द्वीप समूह) से लगभग 610 किमी उत्तर-पश्चिम में, पोर्ट ब्लेयर (अंडमान द्वीप समूह) से 500 किमी पश्चिम में, विशाखापत्तनम (आंध्र 810 किमी दक्षिण में) है। उन्होंने कहा कि पुरी से करीब 920 किलोमीटर की दूरी पर बंगाल की खाड़ी के ऊपर अपने प्रवास के दौरान Asani एक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा।

 

 

मौसम विभाग के मुताबिक Asani चक्रवात पुरी से ओडिशा तट के समानांतर आगे बढ़ेगा, इसलिए सिस्टम 12 मई को एक गहरे दबाव में कमजोर हो जाएगा। यहां 10 से 12 मई तक गजपति, गंजम, पुरी, खुर्दा, कटक और जगतसिंहपुर जिलों में बारिश होगी। केंद्र व राज्य सरकारों ने यहां एनडीआरएफ की टीम को अलर्ट कर दिया है।