मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट,इन राज्यों में भारी बारिश

Author Picture
By Sharma Published On: January 11, 2022

नई दिल्ली। देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है तो मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड के साथ बारिश हो रही है। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग का नया अपडेट आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 जनवरी से लेकर 13 जनवरी तक देश के चार राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। ये राज्य हैं बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा। इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में ठंड, कोहरे और मावठे की बारिश का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश का अनुमान लगाते हुए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं। दिल्ली में बारिश की स्थिति पर भी अपडेट जारी हुआ है। यहां पढ़िए राज्य की वेदर रिपोर्ट

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा कि 11 जनवरी से देश के पूर्वी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। यह पश्चिमी विक्षोभ देश के मध्य और पूर्वी भागों में आगे बढ़ेगा और भारी बारिश होगी। ओडिशा के लिए 11 और 12 जनवरी को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 11 जनवरी को ओलावृष्टि हो सकती है।

IMD के ‘ऑरेंज अलर्ट’ में ‘बेहद खराब मौसम’ की चेतावनी दी गई है, जिसमें सड़क और रेल बंद होने और बिजली आपूर्ति में रुकावट जैसे व्यवधानों की आशंका है। इसी तरह बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के लिए 11 जनवरी से 13 जनवरी तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।