मौसम विभाग ने तूफान और बारिश को लेकर दी चेतावनी

Author Picture
By Sharma Published On: March 20, 2022

नई दिल्ली। साल 2022 का पहला चक्रवाती तूफान असानी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग की ताजा जानकारी के मुताबिक, 20 मार्च की सुबह तक बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र मजबूत हो जाएगा और 21 मार्च को एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। आईएमडी ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की भी भविष्यवाणी की है, साथ ही निकोबार द्वीप समूह में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है। इसके बाद यह चक्रवाती तूफान बांग्लादेश की तरफ चला जाएगा। प्रभावित इलाकों में राहत तथा बचाव कार्य की पूरी तैयारी कर ली गई है।

 

भारतीय तटरक्षक बल (ICG) हरकत में आ गया है और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के तटों से तूफान के टकराने की संभावना के रूप में पूर्व-उपाय कर रहा है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर में ICG जहाजों ने समुद्र में सभी नाविकों और मछुआरों को मौसम की चेतावनी जारी कर दी है। सभी मछुआरों को अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में न जाने की सलाह देते हुए एडवाइजरी भी जारी की गई है।

 

इस बीच, चक्रवाती मौसम के बारे में आईएमडी की चेतावनी के मद्देनजर अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पर्यटन गतिविधियों को 19 मार्च से 22 मार्च तक निलंबित कर दिया गया है। जो पर्यटक वहां हैं, उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। वहीं अंडमान और निकोबार प्रशासन के मुख्य सचिव जितेंद्र नारायण ने एक बैठक में प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की और सभी पक्षों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि जिन लोगों से उनके घर खाली करवाए गए हैं, उनके ठहरने की उचित व्यवस्था की जाए। ऐसे अस्थायी शिविरों में भोजन, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाई जाए।