मौसम विभाग का अलर्ट, आज चलेगे आंधी और तूफान

Author Picture
By Sharma Published On: April 21, 2022

इंदौर। बुधवार को दोपहर में तेज गर्मी का असर कायम रहा और धूप के कारण लोग परेशान हुए। दिन में उत्तरी पश्चिमी हवाएं 18 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। बुधवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 40.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.4 डिग्री दर्ज किया गया।

 

 

गुरुवार को मौसम का रुख बदल गया है। सुबह से ही शहर में बादल छाए हैं और हल्की ठंडक महसूस की जा रही थी। दोपहर बाद शहर में तेज धूलभरी आंधी चलेगी। शहर में कुछ समय के लिए दृश्यता 500 से एक हजार मीटर तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है। सुबह पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल रही थी। सुबह का तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने की संभावना है।

 

भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान व उससे लगे राजस्थान के हिस्से में 3.5 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक चक्रवाती हवाओं के घेरे के रुप में बने हुए हैं। इसके असर से अरब सागर से नमी आ रही है। इसके असर से इंदौर सहित प्रदेशभर में गुरुवार को अधिकांश जिलों के मौसम पर असर दिखाई देगा। इंदौर में गुरुवार दोपरह बाद धूलभरी आंधी कुछ समय के लिए 25 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा से चलेगी। शुक्रवार को भी शहर में धूलभरी आंधी का असर दिखाई देगा। गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास रहेगा। 24 अप्रैल के बाद इंदौर के तापमान में इजाफा होगा। गुरुवार को इंदौर संभाग में खंडवा, खरगोन, धार बड़वानी, झाबुआ व आलीराजपुर में बूंदाबांदी हाेने की संभावना है।