शिवराज सरकार के मंत्री ने समर्थक के धोए पैर

Author Picture
By Sharma Published On: January 16, 2023

ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का सड़क पर एक समर्थक के पैर धोते हुए वीडियो सामने आया है। ऊर्जा मंत्री ग्वालियर में सड़कों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यहां उनके समर्थक के पैर कीचड़ लगने से गंदे हो गए। फिर क्या था, ऊर्जा मंत्री ने तत्काल पानी मंगवाया और उसके पैर धोने लगे। पैर धोने के बाद पौछे भी। इस बारे में ऊर्जा मंत्री का कहना है कि यह उनका फर्ज था।

 

सिंधिया के समर्थक माने जाने वाले मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर आए दिन कुछ न कुछ ऐसा करते हैं। जिससे वे सुर्खियों में रहते हैं। सोमवार को सुबह उन्होंने कड़ाके की ठंड के बीच ग्वालियर की कुछ सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ उनके कई समर्थक और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

 

ऊर्जा मंत्री मानसिक आरोग्य शाला तिराहा से कोटेश्वर मंदिर तक बनने वाली सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उनके समर्थक भी एकत्रित हो गए। तभी एक युवक सौरभ शर्मा आया। मंत्री से मिलने के उत्साह में वह कीचड़ में ही पैर रखते हुए चला आया। उसके पूरे पैर में कीचड़ लग गया। यह देखकर ऊर्जा मंत्री ने तत्काल पानी मंगाया और अपने हाथों से सौरभ के पैर धोए। इसके बाद उसकी समस्या भी सुनी। साथ ही अधिकारियों को सड़कें जल्दी बनाने के निर्देश दिए। मंत्री को सड़क पर बैठकर समर्थक के पैरों को धोने का नजारा वहां मौजूद लोगों को भा गया। लोगों का कहना था कि यह मंत्री जी की सादगी है कि वह अपने लोगों के लिए इतने सहज और सरल हैं।