विधायक रामबाई ने कहा सिंधिया ने अपने हित के लिए पार्टी बदली

Author Picture
By Sharma Published On: March 16, 2023

ग्वालियर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम की 89वीं जयंती के बहाने पार्टी ने मध्यप्रदेश में चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है। इस मौके पर ग्वालियर, रीवा, उज्जैन और सीहोर में कार्यक्रम किए गए। ग्वालियर की सभा में बसपा नेता बीजेपी और कांग्रेस पर जमकर बरसे। खासकर विधायक रामबाई ने सिंधिया के लिए बड़ी बात कह दी। उन्होंने ग्वालियर को लेकर कहा कि काहे का सिंधिया का गढ़। यह जनता का गढ़ है। उन्होंने कहा- भाजपा में टिकट बिकते हैं। ग्वालियर में फूल बाग मैदान पर आयोजित बसपा के सम्मेलन में निवाड़ी के भाजपा नेता व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अवधेश प्रताप सिंह राठौर ने भी बसपा की सदस्यता ली।

 

मीडिया ने विधायक रामबाई से पूछा कि ग्वालियर सिंधिया का गढ़ है। यहां बसपा चुनाव में कैसे आगे बढ़ेगी? इस पर रामबाई का पारा चढ़ गया। उन्होंने कहा कि ‘काहे का सिंधिया का गढ़, यह जनता का गढ़ है। सिंधिया ने कौन जनता के लिए दल बदलो है, वे तो अपने लिए पार्टी बदले हैं। अपने हित के लिए दल बदल कर दूसरी पार्टी में चले गए, काहे का गढ़। जनता जब करवट लेती है, तो अच्छे अच्छों को धूल चटा देती है। सिंधिया क्या हारे नहीं?’ दूसरी पार्टी में जाकर पहले की पार्टी की बुराई करने लगे। ऐसा काम ही क्यों करो कि अपनी पहली पार्टी की बुराई करनी पड़े, इसलिए अपनी ही पार्टी में रहो, वो बढ़िया है।

एक सवाल के जवाब में विधायक रामबाई ने कहा कि बसपा में नहीं, बल्कि भाजपा में टिकट बिकते हैं। भाजपा में टिकट का हिसाब ही यह है कि ज्यादा पैसे दे जाओ और टिकट ले आओ। मैं बसपा का उदाहरण हूं। एक रुपया खर्च किए बिना टिकट लिया और जीती भी। अगर बसपा की सरकार बनती है, तो आपको वो सभी सुविधाएं मिलेंगी, जिनके आप हकदार हैं। एक कार्यकर्ता अगर 10 लोगाें को बीएसपी को वोट करने के लिए प्रेरित करेगा, तो हमारी सरकार बन जाएगी।

 

विधायक रामबाई ने दावा किया कि बसपा प्रदेश में सभी 230 सीट पर चुनाव लड़ने जा रही है। सभी पर बहुमत मिलेगा। यदि बहुमत नहीं भी मिलता है, तो यह तो पक्का है कि हमारे बिना किसी की सरकार नहीं बनेगी। सम्मेलन में राज्यसभा सांसद रामजी गौतम ने भी बसपा की सरकार बनाने का दावा किया। गौतम ने कहा कि जनता का हमें समर्थन मिल रहा है। बसपा बड़ी पार्टी है। प्रदेश में इस बार बसपा के पास ही सरकार बनाने की चाबी होगी।

 

विधायक रामबाई से जब पूछा गया कि तीसरे दल के रूप में आम आदमी पार्टी ने हुंकार भर दी है। इस पर रामबाई का कहना था कि आप का अभी मध्य प्रदेश में वजूद नहीं है। कहीं भी दो से तीन हजार वोट से ज्यादा नहीं मिल रहे। अभी उन्हें समय लगेगा, लेकिन बहुजन समाज पार्टी इस बार सत्ता की चाबी अपने पास रखेगी।