सांसद और मंत्री ने कलेक्टर, एसपी के डांस पर उड़ाए नोट

Author Picture
By Sharma Published On: May 26, 2022

बड़वानी। बड़वानी में गौरव दिवस पर निकली गौरव यात्रा में कलेक्टर और एसपी जमकर नाचे। कलेक्टर-एसपी का डांस देखकर खरगोन सांसद गजेंद्र पटेल और प्रदेश के पशुपालन मंत्री और स्थानीय विधायक प्रेमसिंह चौहान ने 100-100 के नोट न्योछावर किए। दरअसल बुधवार को बड़वानी जिले की स्थापना दिवस था। इसे गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत सात दिन तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

 

सात दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन शहर के बस स्टैंड से पीजी कॉलेज ग्राउंड तक गौरव यात्रा निकाली गई। यात्रा में ढोल मांदल की थाप पर कलेक्टर शिवराज वर्मा ने थोड़ी झिझक के साथ डांस करना शुरू किया लेकिन करीब दो मिनट बाद ही वे खुलकर नाचने लगे। उन्हें देख एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने भी डांस करना शुरू किया। राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी, सांसद गजेंद्र पटेल और विधायक प्रेमसिंह भी अपने आप को थिरकने से रोक नहीं पाए। उन्होंने जेब से 100-100 रुपए के नोट निकालकर एसपी-कलेक्टर पर न्योछावर भी किए।

 

 

 

गौरव दिवस कार्यक्रम के पहले दिन राजघाट में मां नर्मदा की आरती, पूजन व अभिषेक किया गया। इसके बाद शहर के बस स्टैंड से गौरव यात्रा पैदल शुरू हुई। इसमें सबसे आगे महिलाएं कलश धारण कर चल रही थीं। वहीं बैंडबाजों पर क्षेत्रीय गीत-संगीत गूंज रहे थे। ढोल-ताशों की धुन पर मंत्री व सांसदों सहित अफसर व कर्मचारी भी खूब नाचे। यात्रा में सबसे आगे बोहरा समाज का स्काउट बैंड कदमताल करते हुए प्रस्तुति दे रहा था। वहीं एक ट्रॉली पर अहीर यादव समाज की मंडली भजन प्रस्तुत करते चल रही थी। वहीं अन्य ट्रॉलियों पर विभिन्न प्रसंगों पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसी तरह आदिवासी वस्त्रों में सज्जित युवाओं के नृत्य ने रास्तेभर समा बांधा। कॉलेज ग्राउंड पर 25 पाउंड का केक काटा गया। गायक आनंदीलाल भावेल ने आदिवासी गीतों की प्रस्तुति दी। टिटगारिया ग्रुप ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। हास्य कवि सुरेश अलबेल ने कविताओं के रंग बिखेरे।