प्रियंका गांधी जबलपुर से करेंगे कांग्रेस के मेगा प्रचार अभियान की शुरुआत

Author Picture
By Sharma Published On: June 12, 2023

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लाड़ली बहना योजना को जबलपुर से लॉन्च करने के बाद अब कांग्रेस की शीर्ष नेता प्रियंका गांधी आज शहर में पहुंच रही हैं। लाड़ली बहना योजना से शिवराज सिंह चौहान ने मास्टरस्ट्रोक मारा है। अब उसका जवाब देने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जबलपुर आ रही हैं। भाजपा ने चुनाव से पहले प्रदेश के महाकोशल अंचल पर अपनी नजरें लगा दी हैं। भाजपा का यह कदम कांग्रेस के नेता कमलनाथ को उनके घर में ही घेरने के लिए है। इसके जवाब में प्रियंका का दौरा काफी महत्वपूर्ण हो जाता है। जबलपुर में प्रियंका के साथ प्रदेश कांग्रेस का पूरा शीर्ष नेतृत्व रहेगा।

 

प्रियंका के दौरे के साथ ही मध्य प्रदेश विस चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस का मेगा प्रचार भी शुरू होने जा रहा है। प्रियंका गांधी जबलपुर में 11 बजे नर्मदा पूजन करेंगी, फिर वो भंवरताल पार्क में गोंड रानी वीरांगना दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आम सभा को संबोधित करेंगी।

 

प्रियंका के साथ जबलपुर में पीसीसी चीफ कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व प्रदेश के बड़े कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि साल 2018 के चुनाव के पहले जबलपुर में राहुल गांधी ने भी नर्मदा पूजन किया था। इसके बाद चुनाव प्रचार शुरू हुआ था। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि इस कारण महाकोशल में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया था। कांग्रेस का मानना है कि प्रियंका गांधी के जबलपुर आने से जिले की 8 विधानसभा सीटों में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी साथ ही इसका सकारात्मक असर पूरे महाकोशल में होगा।

 

जबलपुर में शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को लाड़ली बहनों के लिए 1000 रुपये वाली स्कीम की पहली किस्त जारी की थी। यहीं से उन्होंने घोषणा की थी कि वे स्कीम में मिलने वाली राशि को बढ़ा कर 3000 तक कर देंगे। अब कांग्रेस और प्रियंका गांधी के सामने चुनौती है कि वे कैसे इसका सामना कर सकेंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस ने 15 सौ रुपए महीने वाली कांग्रेस की नारी सम्मान योजना की घोषणा की है। कांग्रेस, सीएम शिवराज के इस दांव का क्या तोड़ निकालती है यह देखना होगा।