फ्लाइट में राहुल ने खींची सोनिया गांधी की तस्वीर, ऑक्सीजन मास्क लगाए आई नजर

Author Picture
By Sharma Published On: July 19, 2023

भोपाल। मंगलवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी की फ्लाइट की भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। अब इस घटनाक्रम के दौरान की एक फोटो सामने आई है जिसे खुद राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है।

 

 

दबाव में प्रार्थना की साक्षात प्रतिमूर्ति हैं मां: राहुल

दरअसल, बुधवार को राहुल ने आपातकालीन लैंडिंग करने वाले विमान के अंदर मां सोनिया गांधी की एक तस्वीर साझा की। सोनिया गांधी चार्टर्ड विमान के अंदर अपनी सीट पर आपातकालीन ऑक्सीजन मास्क पहने हुईं हैं। राहुल गांधी ने फोटो के साथ इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘मां, विषम परिस्थिति में भी अत्यधिक संयमित।

 

 

इससे पहले एयरपोर्ट अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों नेता नॉन शेड्यूल फ्लाइट से दिल्ली जा रहे थे। रात करीब आठ बजे तकनीकी खराबी के चलते फ्लाइट को भोपाल में लैंड कराना पड़ा। इसकी जानकारी मिलते ही कांग्रेस के कुछ नेता एयरपोर्ट पहुंंचे। इनमें विधायक कुणाल चौधरी, आरिफ मसूद, पीसी शर्मा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, शोभा ओझा शामिल थे। इन नेताओं ने राहुल और सोनिया से मुलाकात की। दोनों नेता भोपाल से इंडिगो की फ्लाइट से करीब 9.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस दौरान डेढ़ घंटा दोनों केंद्रीय नेता भोपाल एयरपोर्ट पर रहे। बता दें कि इससे पहले दोनों नेताओं ने बेंगलुरु में मंगलवार को विपक्षी दलों की बैठक में शिरकत की थी।