चाकू की नोक पर छात्रा को धमकाकर रेप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Author Picture
By Sharma Published On: June 18, 2022
gang rape

भोपाल। कोहेफिजा थाना इलाके में एक युवक ने चाकू मारने की धमकी देकर एक किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान युवक ने किशोरी की छोटी बहन को दूसरे कमरे में बंद कर दिया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

 

 

कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक 17 वर्षीय किशोरी कटनी जिले की रहने वाली है। दो वर्ष पूर्व तक उसके माता-पिता व छोटा भाई व बहन भोपाल में ही रहते थे। यहां उसके माता-पिता मजदूरी करते थे, लेकिन कोरोना के कारण पूरा परिवार कटनी चला गया था। 10 जून को किशोरी आगे की पढ़ाई करने के लिए अपने छोटे भाई व बहन के साथ भोपाल आई और किराए का मकान लेकर रहने लगी। किशोरी ने ग्यारहवीं कक्षा पास करने के बाद इस साल बारहवीं में प्रवेश लिया है।

 

 

किशोरी के पड़ोस में ब्रजेश सिंह नाम का युवक रहता है। वह पेशे से ड्राइवर है। आसपास ही रहने के कारण किशेारी व उसके भाई-बहन की ब्रजेश से बातचीत होने लगी थी। कमरे में पंखा नहीं होने के कारण किशोरी घर का दरवाजा खुला रखती थी। 16 जून की रात को ब्रजेश ने किशोरी के छोटे भाई को टीवी देखने के लिए अपने घर बुला लिया। इसके बाद रात करीब दो बजे वह किशोरी के घर में घुस गया। कमरे में दाखिल होते ही उसने चाकू निकालकर छात्रा को डराना-धमकाना चालू कर दिया। डरा-धमका कर उसने किशोरी की छोटी बहन को दूसरे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद किशोरी से दुष्कर्म कर दिया। किशोरी रात में ही भाई-बहन के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।