MP में चलती ट्रेन में महिला यात्री के साथ दुष्कर्म

Author Picture
By Sharma Published On: February 12, 2022

भोपाल। यशवंतपुर से हजरत निजामुद्दीन जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के पेंट्रीकार में वेंडर द्वारा चलती ट्रेन में महिला यात्री के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया। शुक्रवार रात करीब 12:25 बजे भोपाल स्टेशन पर पहुंची ट्रेन से बदहवास हालत में उतरी पीड़िता ने घटना रात 12 बजे के करीब की बताई है। इस घटना के कारण ट्रेन स्टेशन पर करीब आधा घंटे रुकने के बाद एक बजे हजरत निजामुद्दीन के लिए रवाना हुई। पुलिस ने संदेह के आधार पर ट्रेन के कुछ वेंडरों को पूछताछ व शिनाख्ती के लिए उतार लिया है।

 

जीआरपी थाना पुलिस के मुताबिक संपर्कक्रांति एक्सप्रेस में एक युवती के साथ छेड़छाड़ होने की शिकायत मिली थी। ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही पीड़ित महिला यात्री को अभिरक्षा में ले लिया गया है। साथ ही संदेह के आधार पर ट्रेन के कई वेंडरों को पकड़कर युवती से आरोपित की शिनाख्त कराने की कोशिश भी की गई।

 

उधर इस मामले में ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने बताया कि युवती की स्थिति अच्छी नहीं थी। वह ठीक से कुछ बता भी नहीं पा रही थी। पुलिस से वह सिर्फ यह बोल रही थी कि उसके साथ पेंट्री कार में दुष्कर्म किया गया है। मामले की जांच कर रहे एएसआइ आरसी इनवाती ने बताया कि पीड़िता सहमी हुई है। उसे उपचार के लिए भेजा जा रहा है। अभी यह भी नहीं बता पा रही है कि वह कहां जा रही थी, हालांकि उसके साथ कोई अन्य यात्री या उसका सामान नहीं मिला है।