होटल में ले जाकर महिला के साथ किया दुष्कर्म

Author Picture
By Sharma Published On: March 14, 2023

भोपाल। राजधानी में महिला अपराधों में लगातार इजाफा हो रहा है। इसी क्रम में हबीबगंज थाना क्षेत्र के होटल इलेवन में एक 32 वर्षीय महिला प्रबंधक के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित पीड़िता से दो साल छोटा है। आरोपित ने महिला को अपनी बातों में फंसाकर होटल बुलाया और उनके साथ दुष्कर्म कर दिया। बाद में आरोपित ने महिला को शादी का झांसा देकर पुलिस में शिकायत करने से रोक दिया। इसके बाद से वह लगातार महिला का शोषण कर रहा था। जब पीड़िता ने उस पर शादी के लिए दबाव डाला तो वह साफ मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी। पुलिस जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी करेगी। फिलहाल वह एफआइआर दर्ज होने की भनक लगते ही फरार हो गया है।

 

 

पुलिस के मुताबिक अरेरा कालोनी हबीबगंज निवासी 32 वर्षीय महिला एक निजी कंपनी में प्रबंधक है। वह अपनी मां के साथ रहती है। 2021 में उनकी मुलाकात निजी फाइनेंस कंपनी के अधिकारी 30 वर्षीय सौरभ शर्मा से हुई थी। धीरे-धीरे उनके बीच दोस्‍ती बढ़ी और अक्सर दोनों एक-दूसरे से फोन पर बातचीत करने लगे। एक दिन सौरभ शर्मा ने पीडिता के सामने अपने प्रेम का इजहार करते हुए शादी की बात की, जिसे महिला से स्वीकार कर लिया। बाद में आरोपित महिला के घर पर आने-जाने लगा। अप्रैल 2022 में आरोपित ने होटल इलेवन में बुलाकर उसके साथ में दुष्कर्म कर दिया। पीड़िता ने इस बात को लेकर विरोध किया तो आरोपित ने शादी जल्दी करने की बात कहकर उसे चुप करा दिया। उसके बाद से वह पीडिता का लगातार शारीरिक शोषण कर रहा था। महिला शादी की बात करती तो वह टालमटोल कर देता था। कुछ दिन पहले पीडिता ने उससे शादी करने की जिद कर ली तो आरोपित ने उसे धमका दिया और शादी करने से इंकार कर दिया। इस पर महिला ने थाने जाकर आरोपित पर दुष्कर्म की धाराओं में एफआइआर दर्ज करा दी। हबीबगंज थाने की एसआइ सुनीता भालेराव ने बताया कि आरोपित की तलाश जारी है।