MP के इस जिले ट्रिपल मर्डर से सनसनी, 74 साल की महिला की लाश पलंग पेटी में मिली

Author Picture
By Sharma Published On: April 12, 2022

उज्जैन। उज्जैन में ट्रिपल मर्डर का मामला सामने आया है। 74 साल की मां, उसके बेटे और पोते की हत्या कर दी गई। थाना चिमनगंज मंडी के हरिनगर स्थित मकान में महिला का शव पलंग पेटी के अंदर मिला। उसके हाथ-पैर बंधे थे। 28 किलोमीटर दूर इंगोरिया थाना इलाके में बुरावदा गांव में उसके बेटे और पोते के शव झाड़ियों में मिले। महिला का शव 5 दिन पुराना बताया जा रहा है।

 

बुरावदा में सोमवार की रात दो शव मिले थे। इनकी पहचान 45 साल के राजेश नागर और उनके 21 साल के बेटे पार्थ के रूप में हुई। पहचान पत्र के आधार पर पुलिस मंगलवार सुबह हरि नगर स्थित उनके घर पहुंची। मकान पर ताला लगा था। पड़ोस के लोगों से पता चला कि 5 दिन से किसी ने भी घरवालों को नहीं देखा। इसके बाद FSL टीम को बुलाया गया। एक-एक कर मकान के तीन ताले तोड़े गए। अंदर से बदबू आ रही थी। जब पलंग पेटी को खोला गया तो सरोज नागर की रजाई से ढकी लाश मिली। तीनों शव पर धारदार हथियार के निशान हैं।

 

 

एडीशनल एसपी आकाश भूरिया, सीएसपी अश्विन नेगी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच की। पड़ोस में रहने वाले लोगों ने बताया कि परिवार में तीनों सदस्य का किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं था। न ही किसी से बातचीत करते थे। राजेश की पत्नी भी उसके साथ नहीं रहती थी। परिवार के लोग ब्याज से रुपए देने का काम करते थे।शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या की वजह लूट नहीं है। घर में डेढ़ हजार रुपए मिले हैं। पूरे घर में किसी कागजात को खोजने की भी कोशिश की गई है। पुलिस को पूरा घर अस्त-व्यस्त मिला। पुलिस के मुताबिक अलमारी में कागजात को तलाशा गया है।