शिवराज सरकार ने गेहूं खरीदी को लेकर लिया ये बड़ा फैसला

Author Picture
By Sharma Published On: April 27, 2022

भोपाल। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं के उपार्जन को लेकर तमाम कड़ाई करने के बाद अब सरकार ने नरम रुख अपनाया है। जिन किसानों ने अब तक उपज बेचने के लिए स्लाट बुकिंग नहीं कराई है, उन्हें एसएमएस भेजे जाएंगे। वहीं, स्लाट बुकिंग भी इंदौर-उज्जैन संभाग में पांच मई और अन्य संभागों में 11 मई तक की जा सकेगी। अभी यह अवधि 30 अप्रैल की गई थी।

 

प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए 19 लाख 81 हजार किसानों ने पंजीयन कराया था। इस बार उपज बेचने के लिए एसएमएस देने की जगह किसानों से आनलाइन स्लाट बुक कराए गए थे। इसकी वैधता अवधि सात दिन रखी थी। 10 लाख किसानों ने स्लाट बुक कराए लेकिन कई उपार्जन केंद्रों पर किसान नहीं पहुंचे।

 

दरअसल, इस वर्ष किसानों को मंडियों में गेहूं की समर्थन मूल्य से अधिक कीमत मिल रही है इसलिए अब तक तीन लाख 50 हजार 785 किसानों ने 29 लाख 43 हजार 589 टन गेहूं ही बेचा है। वहीं, कुछ जगहों से स्लाट बुकिंग की तारीख बढ़ाने की मांग आई थी। किसानों की सुविधा को देखते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग ने स्लाट बुकिंग की अवधि 17 से बढ़ाकर 30 अप्रैल की और अब तय किया है कि उपार्जन की अंतिम तिथि से पांच दिन पहले तक बुकिंग की जाएगी। इसके साथ ही जिन किसानों ने स्लाट बुक नहीं कराए हैं औा उपज नहीं बेची है, उन्हें पहले की तरह उपज बेचने के लिए एसएमएस किया जाएगा।