शिवराज सरकार का पचमढ़ी में कैबिनेट मंथन, होंगी यह बड़ी बैठकें

Author Picture
By Sharma Published On: March 26, 2022

भोपाल। शिवराज सरकार का पूरा ध्यान अब मिशन 2023 पर है। सरकार इसके लिए अपने स्तर पर पूरी तैयारी में जुट गई है। इसी के तहत सीएम शिवराज सिंह अपनी कैबिनेट के साथ शुक्रवार शाम बस से पचमढ़ी रवाना हुए हैं। पचमढ़ी दो दिन तक मंथन चलेगा। विकास की योजनाओं का रोडमैप तैयार किया जाएगा। पचमढ़ी जाते समय सीएम शिवराज सिंह ने बस में ही माइक थाम लिया। उन्होंने कहा कि हम पौने दो साल का ऐसा रोडमैप बनाकर लाएंगे और उस पर अमल करेंगे, जिसे पूरा देश देखेगा। सीएम शिवराज ने कहा कि इस तरह विचार करने से अमृत निकलता ही है।

 

खास बात यह है कि बैठक में अधिकारी शामिल नहीं हो रहे हैं। मंत्रियों को सिर्फ एक स्टाफ ले जाने के लिए कहा गया है। पहले दिन शनिवार को सरकार की योजनाओं के सुधार के लिए मंत्री समूहों का प्रेजेंटेशन होगा। इसमें मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को प्रभावी तरीके से दोबारा शुरू करने, कन्या विवाह योजना की विस्तृत प्रक्रिया और रूपरेखा बनाने, लाडली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों के लिए योजना बनाने जैसे 13 मुद्दों पर प्रेजेंटेशन होंगे।

 

दूसरे दिन विभागीय कार्यों, नए आइडिया व आगामी रणनीति पर मंथन किया जाएगा। साथ ही, मंत्रियों के प्रभार के जिलों से संबंधित विषयों पर चर्चा होगी। इसमें उनसे फीडबैक लिए जाएंगे। पार्टी से संबंधित विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ राजनीतिक रणनीति तैयार करने पर चर्चा होगी। साथ ही, आगामी चुनावों की रणनीति बनाने के लिए सभी से चर्चा कर सुझाव लिए जाएंगे।

 

प्रदेश समस्याओं के समाधान के लिए रास्ता खोजेंगे

पचमढ़ी रवाना होते समय सीएम शिवराज ने कहा कि हमारा आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का लक्ष्य तय है। जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। योजनाओं में सुधार किया जा सकेगा। कोई गैप होगा, तो उसे दूर किया जाएगा। कुछ समस्याएं प्रदेश के सामने हैं। उनके समाधान के लिए रास्ता निकालेंगे। तेजी से प्रदेश को विकास के रास्ते पर कैसे तेजी से लाएं। इसकी रूप रेखा बनाएंगे।