शिवराज ने कहा- कांग्रेस देश की समस्या है और कांग्रेस की समस्या राहुल गांधी

Author Picture
By Sharma Published On: March 26, 2023

भोपाल। आज कांग्रेस के लोग मुंह पर ताला लगा कर प्रदर्शन कर रहे हैं। राहुल गांधी जी आपने अपने मुंह पर ताला तब क्यों नहीं लगाया, जब आप अपने मुंह से मोदी जी, मोदी जाति के बारे में अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे। जिस ढंग से आपने जाति का अपमान किया, ओबीसी का अपमान किया, आपको किसने हक दिया ओबीसी को अपमानित करने का! यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को मीडिया के साथ बातचीत में कही। चौहान ने यह भी कहा कि कांग्रेस देश की समस्या है और कांग्रेस की समस्या राहुल गांधी हैं।

 

सीएम शिवराज ने सवाल किया कि क्या पिछड़े वर्ग में पैदा होना पाप है? क्या केवल पिछड़े वर्ग के होने के कारण किसी का भी अपमान किया जाएगा। आप अपने आप को राजा-महाराजा से कम नहीं समझते हैं। यह ताला आपके मुंह पर उस समय लगना था, जब आपने न्यायपालिका का अपमान किया। आप क्या-क्या बोलते हैं। आश्चर्य होता है, आपने कहा दुर्भाग्य से मैं सांसद हूं। आपने संसद का अपमान किया। आपने संसद सदस्य रहते हुए, संसद में कुछ कहकर जिस ढंग से आंख मारी थी, वह पूरे हिंदुस्तान ने देखी थी। क्या यह सांसद की गरिमा है।

 

पूरे देश ने देखा है आप विवादित बयान पहले भी देते रहे हैं। पंजाब के युवाओं का, यूपी के युवाओं का आप ने मजाक उड़ाया है। मंदिर में जाने वालों को छेड़खानी करने वाला बताया है। सर्जिकल स्ट्राइक पर आप ने सवाल उठाए, सेना पर भी आप ने सवाल उठाए। जब आपके प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी हुआ करते थे एक आर्डिनेंस किस ढंग से फाड़कर उनका अपमान किया था।