नर्सिंग होम में गोली चली, अटेंडर हुआ घायल 

Author Picture
By Sharma Published On: February 11, 2022

ग्वालियर। ग्वालियर में शिंदे की छावनी इलाके में एक नर्सिंग होम में गुरुवार रात गोली चलने की घटना सामने आई है। गोली चलने से चीनोर से आया सरबजीत सिंह नाम का अटेंडर घायल हो गया। डॉक्टर संजीव थरेजा अपने नर्सिंग होम में राउंड ले रहे थे, तभी उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी इसी दौरान घायल व्यक्ति अस्पताल के स्टाफ से झूमाझटकी करता हुआ बाहर चला गया। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में घायल भागते हुए नज़र आया है।

 

अटेंडर ने डॉक्टर पर गोली मारने का आरोप लगाया

 

घायल सरबजीत सिंह को जयारोग्य अस्पताल समूह के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसके बाएं कंधे के नीचे गोली लगने का घाव बताया गया है। सरबजीत का आरोप है कि डॉक्टर ने उसे गोली मारी है। अस्पताल में भर्ती होने के चलते इंदरगंज पुलिस घायल सरबजीत सिंह से ज्यादा पूछताछ नहीं कर पाई है।

 

घायल मरीज से मिलने आया था अस्पताल

 

डॉक्टर संजीव थरेजा ने बताया कि सतपाल नाम के मरीज़ को बुधवार को मोहना लेकर आए थे। सतपाल अपेंडिक्स की गठान के इलाज़ के लिए उनके नर्सिग होम में आया था। उसे मिलने ही सरबजीत सिंह उनके नर्सिंग होम पहुंचा था। उन्होंने बताया कि गोली की आवाज आई वो देखने पहुंचे तो सरबजीत भागता हुआ निकला। जब स्टाफ में उसे रोका तो वो झूमाझटकी कर भाग गया।

 

पुलिस पड़ताल में जुटी

 

डीएसपी क्राइम विजय भदौरिया का कहना है कि सरबजीत घायल हुए हैं CCTV में वो जाता हुआ दिख रहा है, सरबजीत ने खुद को गोली मारी हो या फिर किसी ने उस पर गोली चलाई है, सभी एंगल पर जांच की जा रही है। पुलिस सभी कैमरों की सीडीआर निकाल कर घटना की पड़ताल कर रही है।