सौतेली मां को खाना बनाते समय बेटे ने मारी गोली, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Author Picture
By Sharma Published On: July 14, 2022

ग्वालियर। शहर के उपनगर मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव के गुलाब पुरी इलाके में रहने वाली एक विवाहिता को उसी के सौतेले बेटे ने उस समय गोली मार दी, जब वह किचन में खाना बना रही थी। घटना के बाद महिला को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। गोली मारने की वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है।

 

दरअसल बड़ागांव इलाके में गुलाब पुरी कॉलोनी स्थित है। यहां मनोज यादव रहते हैं, उनकी दूसरी शादी भिंड के लहार क्षेत्र में रहने वाली आशा यादव से हुई है। पहली पत्नी से मनोज यादव को एक बेटा विवेक है। विवेक ने अपनी सौतेली मां आशा यादव को गुरुवार की सुबह खाना बनाते समय गोली मार दी। गोली गर्दन के पीछे लगी है, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात में देसी कट्टे का इस्तेमाल किया गया है। घटना के बाद से आरोपी विवेक यादव कट्टे के साथ फरार हो गया है। पुलिस ने आशा यादव की मां विमला देवी की शिकायत पर आरोपी विवेक यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।