दुल्हन का अलग अंदाज खुद ट्रैक्टर चलकर पहुंची शादी के मंडप तक

Author Picture
By Sharma Published On: May 28, 2022

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल में दुल्हन का खास अंदाज देखकर आप चौंक जाएंगे। किसान की बेटी ने ट्रैक्टर पर बैठकर मंडप में प्रवेश किया। दलील भी दी कि मैं किसान की बेटी हूं और किसान परिवार में जा रही हूं। इस वजह से इस खास मौके को अलग ढंग से प्रस्तुत करना चाहती थी। दुल्हन के ट्रैक्टर से मंडप तक जाने के बारे में जिसने सुना, वह हैरान रह गया। अब इस दुल्हन के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।

मामला बैतूल जिले के साईंखेड़ा का है। इस दुल्हन का नाम भारती तागड़े है और उसकी हाल ही में वासु कवड़कर नाम के लड़के से शादी हुई है। आम तौर पर मंडप में दुल्हन डोली में जाती है, लेकिन भारती ने इसके लिए ट्रेक्टर को चुना। रिश्तेदारों को बगल में बिठाया। वधू पक्ष के लोग रास्ते में खड़े लोगों को हटाते दिखे। भारती पोस्ट ग्रेजुएट है और अपनी शादी को उसने ट्रैक्टर चलाकर खास तो बना ही दिया है।