लड़की पर करता था आपत्तिजनक कमेंट, लड़की ने घरवालों के साथ मिलकर की हत्या

Author Picture
By Sharma Published On: June 7, 2022

भोपाल। भोपाल के टीटी नगर इलाके में कवाड़ बिनने वाले व्यक्ति की हत्या कर दी गई। वह पड़ोस में रहने वाली लड़की पर आपत्तिजनक कमेंट करता था। विवाद इतना बढ़ा कि लड़की ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर उसकी चाकू से गोद कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लड़की नाबालिग है।

 

टीटी नगर थाना प्रभारी चैन सिंह ने बताया कि ओल्ड एमएलए क्वार्टर के पास झुग्गी में रहने वाला रामनाथ बुनकर (40) कवाड़ बिनने का काम करता था। सोमवार रात वह करीब 9 बजे वह नशे की हालत में पड़ोस में रहने वाली नाबालिग लड़की पर आपत्तिजनक कमेंट कर दिए। यह बात लड़की ने अपने मां-पिता को बताई।

 

इस पर उसके माता-पिता रामनाथ को समझाने के लिए पहुंचे। वह उनके साथ भी गाली-गालौच करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि लड़की के पिता राजू सोलंकी, मां मंगी बाई ने रामनाथ पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजू के नाबालिग बेटी ने मां-पिता का साथ दिया। चाकू लगने से रामनाथ जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।