दूल्हे को दहेज में नहीं मिली ये चीज, तो दुल्हन ने लगाया SP को फोन

Author Picture
By Sharma Published On: March 7, 2022

भोपाल। बैरसिया थाना इलाके में एक परिवार में लड़की की शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। दुल्हन सज-धज कर तैयार थी। बरात का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन दूल्हा दहेज में कार या पांच लाख रुपये नकद लेने पर अड़ा था। वधु पक्ष ने काफी मिन्नतें की, लेकिन वर पक्ष के लोग नहीं माने। अंतत: दुल्हन ने एसपी देहात को फोन पर घटना की जानकारी दी। बैरसिया थाना पुलिस ने दूल्हे और परिवार के लोगों के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

 

बैरसिया थाना प्रभारी केएन भारद्वाज ने बताया कि मोहम्मद जलाल (55) ग्राम ललरिया में रहते हैं। उन्होंने अपनी बेटी की शादी रायसेन निवासी यूसुफ खां के बेटे सफकत से तय की थी। शादी की तारीख पांच मार्च तय हुई थी। उन्होंने बेटी के दहेज का पांच लाख रुपये का सामान 25 फरवरी को उसकी ससुराल पहुंचा दिया था।यह भी तय हुआ था कि शादी के दिन दूल्हे को बाइक दी जाएगी। इधर पिता ने बेटी की शादी की तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। शनिवार को शादी का जोड़ा पहनकर दुल्हन तैयार थी। परिवार के लोग बरात की अगवानी के लिए तैयार थे। बरात शाम सात बजे पहुंचना थी, लेकिन बरात नहीं आई।

 

इस पर मो.जलाल ने अपने समधी यूसुफ को फोन लगाया। यूसुफ ने कहा कि बाइक के स्थान पर कार या पांच लाख रुपये नकद की मांग रख दी। मांग पूरी नहीं होने पर बरात लगाने से असमर्थता जताई। इसके बाद मो.जलाल ने दूल्हे, उसके भाइयों एवं समधन से भी मिन्नातें की, लेकिन वे लोग नहीं माने।इस बात का पता चलने पर दुल्हन ने देर रात देहात एसपी किरण लता केरकेट्टा को फोन पर घटना की जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर रात में मो.जलाल की शिकायत पर यूसुफ खान, शफकत आजम, नाजिम, फैसल एवह फरजाना बी के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया।