सरकारी स्कूल में आयरन की गोलियां खाने से छात्र-छात्राओं की तबियत बिगड़ी

Author Picture
By Sharma Published On: February 15, 2023

बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में मंगलवार को दी गईं आयरन की गोलियां खाने से 40 से अधिक छात्र-छात्राओं की तबियत खराब हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

 

उन्होंने कहा कि यह घटना बुरहानपुर जिले के ग्राम अभाडा की शासकीय माध्यमिक स्कूल में हुई। यह गोलियां 6वीं, 7 वीं और 8वी कक्षा के छात्र-छात्राओं को दी गई थीं। गोली खाने के बाद 40 से अधिक छात्रों की तबियत बिगड़ गई और वे पेट दर्द से परेशान होने लगे। कुछ बच्चों को चक्कर आने के साथ उल्टी भी हुई। छात्र-छात्राओं ने इसकी शिकायत की है।

 

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रदीप मोजेफ ने बताया कि नेपानगर तहसील के आभाडा गांव के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में कुल 41 बच्चों को गोलियां की दी गई थीं। इनको खाने से बच्चों को तकलीफ होनी शुरू हुई। इनमें पांच-छह बच्चों को तकलीफ ज्यादा है। बाकी सभी ठीक हैं। सभी का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।