गर्मी के तेवर हुए तीखे, इतने डिग्री उछला पारा

Author Picture
By Sharma Published On: May 14, 2023

भोपाल। राजधानी भोपाल में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। सूरज की तपिश सुबह से ही लोगों को परेशान करने लगी है। इससे पारा भी तेजी से उछल रहा है। आलम यह है कि शनिवार को भोपाल शहर में छह घंटे में ही पारा 16 डिग्री सेल्‍सियस तक उछल गया। शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पर था, जो सुबह 11:30 बजे 16 डिग्री उछलकर 39.6 डिग्री पर पहुंच गया था। दोपहर बाद अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री पर पहुंच गया था। जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। साथ ही इस सीजन का सबसे अधिक तापमान भी है।

 

राजधानी में पिछले दो दिन से तापमान 41 डिग्री के ऊपर बना हुआ था। शनिवार को दोपहर के समय करीब 24 किलोमीटर की रफ्तार की हवा भी चली। गर्म हवा के थपेड़ों से जहां लोग हलाकान होते रहे, वहीं तापमान भी शुक्रवार की तुलना में दो डिग्री बढ़ गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम का इस तरह का मिजाज अभी जारी रहने के आसार हैं। बता दें कि गर्मी के सीजन में अप्रैल एवं मई माह में जमकर गर्मी पड़ती है। 21 मई 2016 को राजधानी में अब तक का सर्वाधिक 46.7 डिग्री तापमान दर्ज किया जा चुका है। 15 मई के बाद शहर में लू चलने की भी संभावना है।

 

शनिवार को ऐसी रही पारे की चाल

समय — तापमान (डिग्री सेल्‍सियस में)

सुबह 5:30 बजे — 23.6

सुबह 8:30 बजे — 33.2

सुबह 11:30 बजे — 39.6

दोपहर 2:30 बजे — 42.0

शाम 5:30 बजे — 41.4

रात 8:30 बजे — 33.6