“गोरी नाचे रे, नागौरी नाचे… छम्मक-छम्मक” सुपर हिट सॉन्ग पर विधायक जी जमकर थिरके 

Author Picture
By Sharma Published On: April 2, 2023

विदिशा। जिले की सिरोंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमाकांत शर्मा का नृत्य करते वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर बहुप्रसारित हो रहा है, जिसमें मंच पर कुछ नृत्यांगनाएं नृत्य कर रही है और मंच के नीचे विधायक जी कमर मटका रहे है। यह वीडियो एक दिन पुराना बताया जा रहा है।

 

मालूम हो, चैत्र नवरात्र पर सिरोंज स्थित महामाई के दरबार में नौ दिन तक भव्य आयोजन किया जाता है। इस बार यहां रामलीला मंचन का भी कार्यक्रम आयोजित किया था। रामलीला के अंतिम दिन रावण दहन के बाद भगवान श्राम के राजतिलक की लीला शुरू होने से पहले का यह वीडियो बताया जा रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि मंच पर कलाकार राजस्थानी गाने पर नृत्य कर रहे है और इसी में विधायक शर्मा भी भावविभोर होकर नृत्य करने लगते है। इस वीडियो को उनके विरोधी इंटरनेट मीडिया पर अलग अलग टिप्पणियों के साथ बहु प्रसारित कर रहे है।

 

विधायक शर्मा के करीबी और भाजपा के मीडिया प्रभारी सचिन शर्मा के मुताबिक इस वीडियो में कुछ भी गलत नहीं है। इसे जानबूझकर कुछ लोग बहुप्रसारित कर रहे है। शर्मा के मुताबिक महामाई के दरबार में शुक्रवार रात को रामलीला के मंचन के बाद रावण दहन हुआ था। इसके बाद भगवान राम के राजतिलक की लीला का मंचन होना था। इसी के पहले रामलीला के कलाकारों ने दर्शकों के सामने नृत्य प्रस्तुत किया। इसमें महिला नृत्‍यांगनाओं के साथ मंच पर पुरुष कलाकार भी थे। इस दौरान बड़ी संख्या में दर्शक भी नृत्य करने लगे थे और इन्हीं के साथ विधायक शर्मा भी भाव-विभोर होकर नाचने लगे। इसी वीडियो को अब लोग इंटरनेट मीडिया पर डाल रहे हैं।