सत्तादल के सांसद ने उठाई पुरानी पेंशन लागू करने की मांग, कांग्रेस के पूर्व मंत्री और विधायक भी लगातार उठा रहे मांग

Author Picture
By Sharma Published On: March 3, 2022

ग्वालियर। राजस्थान सरकार ने पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू की तो MP में भी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन लागू की मांग उठने लगी है। प्रदेश में अभी तक कर्मचारी संगठन ही अपनी पेशन के लिए आंदोलन कर रहे थे, उसके बाद कांग्रेस के पूर्व मंत्रियों और विधायकों ने प्रदेश में पुरानी पेंशन लागू करने के लिए CM को पत्र लिखे। वहीं अब BJP सांसद भी पुरानी पेंशन के समर्थन में आ गए हैं। गुना के BJP सांसद केपी यादव ने CM शिवराज को पत्र लिखकर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

MP में पुरानी पेंशन के लिए स्वर उठने लगे

मध्य प्रदेश के कर्मचारी संगठन अपनी पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। MP सरकार ने 2004 के बाद भर्ती होने वाले कर्मचारियों के लिए पेंशन व्यवस्था बंद कर दी थी। 2005 से भर्ती हुए कर्मचारियों को पेंशन व्यवस्था का लाभ नहीं मिलेगा।कर्मचारियों और संगठनों ने सरकार के खिलाफ कई बड़े आंदोलन भी किए हैं। इसी बीच पिछले महीने राजस्थान की गहलोत सरकार ने पुरानी पेंशन व्यवस्था फिर से लागू करने का एलान कर दिया। राजस्थान में CM अशोक गहलोत के इस फैसले के बाद MP में भी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग उठने लगी है।

BJP सांसद ने भी शिवराज को लिखा पत्र

गुना के BJP सांसद केपी यादव ने 26 फरवरी को CM शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। KP ने अपने पत्र में CM को लिखा है कि “प्रदेश के अधिकारी/कर्मचारियों की लंबित मांगों में से प्रमुख मांग पुरानी पेंशन बहाली है। राजस्थान सहित कई राज्यों ने भी पेंशन योजना को फिर से लागू कर दिया है, जिससे प्रदेश के कर्मचारियों में उत्सुकता का माहौल बना गया है। इसलिए इस विषय पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक निर्णय लिया जाना समसामयिक हो गया है। अनुरोध है कि कर्मचारी/अधिकारियों की की जायज मांग पुरानी पेंशन को बहाल किया जाए।”