पिकनिक मनाकर लौट रहे दोस्तों की वैन अनियंत्रित होकर पलटी, दो की मौत 5 घायल

Author Picture
By Sharma Published On: August 9, 2022

ग्वालियर। ग्वालियर में पिकनिक मनाकर लौट रहे दोस्तों की तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ते हुए पलट गई। रफ्तार ने दो दोस्तों को हमेशा के लिए छीन लिया, जबकि पांच घायल हैं। घायलों में भी एक की हालत गंभीर बताई गई है। घटना शंकरपुर न्यू क्रिकेट स्टेडियम के पीछे पुरानी छावनी की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल शुरू की। मृतक और घायल एयरफोर्स में ठेके पर कर्मचारी हैं। मृतक दिल्ली और फिरोजाबाद व घायल आगरा और ग्वालियर के हैं। पुलिस ने शवों को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया है। मंगलवार को उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

 

शहर के महाराजपुरा स्थित एयरफोर्स में ठेके पर कर्मचारी गोलू पुत्र रामवीर सिंह और विकास पुत्र गंगासिंह एयरफोर्स परिसर में ही रहते हैं। यह अपने अन्य पांच साथियों के साथ सोमवार को पिकनिक मनाने के लिए तिघरा गए थे। यह सभी पिकअप वैन में सवार होकर गए थे। सोमवार देर शाम लौटते समय यह गाना गाते हुए वापस लौट रहे थे। अभी यह बदनापुरा के पास नए क्रिकेट स्टेडियम के पीछे उनकी गाड़ी तेज रफ्तार होने पर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ते हुए पलट गई। पिकअप वैन के पलटते ही वहां चीख पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर वहां आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पूरी सड़क पर घायल ही घायल पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरो की मदद से पुलिस ने घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया है। घायलों में से गोलू पुत्र रामवीर और विकास पुत्र गंगासिंह की मौत हो गई है, जबकि हादसे में दिलीप जाटव, राकेश परिहार, साकिर खान, आदर्श कुमार व एक अन्य घायल हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घायलों का कहना किसी वाहन ने कट मारा

 

 

घटना के बाद जेएएच में इलाज करा रहे घायलों ने पुलिस का कहानी सुनाई है कि वह तो अपने रास्ते आ रहे थे। एक अन्य तेज रफ्तार वाहन ने कट मारा जिसके बाद उनकी गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। जिसके बाद यह हादसा हुआ। घायलों में दिलीप और राकेश बार-बार गोलू और विकास के बारे में पूछ रहे थे। गोलू और विकास की मौत हो गई है यह उन्हें रात तक नहीं बताया गया था, क्योंकि दोनों ही हालात नाजुक थी और दोस्तों की मौत की खबर से उनको सदमा लग सकता है। पुरानी छावनी पुलिस का कहना है कि मृतक व घायल पिकनिक मनाने के लिए तिघरा गए थे। वाहन लौटते समय काफी तेज रफ्तार में था। जिससे अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ते हुए पलट गया। दो लोगों की मौत हुई है जबकि पांच घायल हैं।