युवक ने कॉल सेंटर पर काम करने वाली युवती के साथ किया दुष्कर्म

Author Picture
By Sharma Published On: July 30, 2022

इंदौर। इंदौर में पर्सनल जिम ट्रेनर को विजय नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कॉल सेंटर में काम करने वाली युवती ने उसके खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत की थी। जिम ट्रेनर ने पहले युवती से दोस्ती की फिर उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने जब शादी के लिए कहा तो वह मुकर गया। उसने युवती के साथ मारपीट भी की। जिसके बाद युवती ने इसकी शिकायत विजय नगर थाने में की थी।

 

मामला बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे के पास स्थित गोल्ड जिम का है। विजय नगर TI रविंद्र गुर्जर के मुताबिक युवती 2019 से जिम जा रही थी। जिम में उसकी दोस्ती पर्सनल ट्रेनर गौरव पंवार (30) से हो गई। दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। इस दौरान गौरव ने युवती से शादी करने का वादा किया और झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। जब युवती ने उसे शादी का बोला तो वह आनाकानी करने लगा।

 

शादी से किया इनकार, देने लगा जान से मारने की धमकी

युवती ने जब जिम ट्रेनर पर शादी करने के लिए दबाव बनाया, तो उसने शादी करने से मना कर दिया और युवती को जान से मारने की धमकी देकर डराने लगा। बताया जा रहा है कि जिम ट्रेनर युवती के साथ मारपीट भी कर चुका है। पीड़िता ने घटना की शिकायत विजय नगर थाने में की। पुलिस ने मामले में दुष्कर्म का केस दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी जिम ट्रेनर से मामले में पूछताछ कर रही है।