इंदौर एयरपोर्ट पर जनवरी तक ये 117 उड़ानें हुई निरस्त

Author Picture
By Sharma Published On: January 22, 2022

इंदौर। इंदौर से जाने वाली 16 उड़ानें शुक्रवार को निरस्त कर दी गई। एयरलाइंस यात्रियों की कमी से जूझ रही हैं। यात्रियों की कमी के कारण शुक्रवार को इंदौर से जाने और आने वाली सबसे अधिक उड़ानों को निरस्त किया गया है। यह सिलसिला पिछले 15 दिनों से लगातार जारी है। इंदौर से रोजाना 70 फ्लाइट 22 शहरों के लिए उड़ानें भरती है।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक निरस्त उड़ानों में इंडिगो और एयर इंडिया की उड़ानें शामिल हैं। ये उड़ानें इंदौर से अहमदाबाद, चेन्नई, जयपुर, लखनऊ, प्रयागराज, बेंगलुरु, दिल्ली और मुंबई के बीच संचालित होती हैं। कंपनियों द्वारा लगातार इन उड़ानों को निरस्त किया जा रहा है।

 

एयरपोर्ट मैनेजर अनमोल ठाकुर ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से रोजाना इंदौर से 10 से ज्यादा उड़ानें निरस्त हो रही हैं। इसका कारण यात्रियों की कमी बताया जा रहा है, जो कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बढ़ती सख्ती के कारण कम हो गए हैं। यात्रियों की कमी से होने वाले नुकसान से बचने के लिए एयरलाइंस उड़ानों को निरस्त करने पर मजबूर है अगर जल्द ही स्थिति नहीं सुधरती है तो कई उड़ानों को स्थायी तौर पर बंद भी किया जा सकता है। निरस्त हुई उड़ानों के कारण इनमें बुकिंग करवा चुके यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ज्यादातर उड़ानों के दूसरे विकल्प भी नहीं थे। ऐसे में एयरलाइंस ने यात्रियों को रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प दिया।

 

 

दिल्ली एयरपोर्ट प्रबंधन ने 20 से 26 जनवरी के बीच रनवे कुछ घंटे बंद होने की सूचना भी जारी की है। इसके मुताबिक एयरलाइंस ने अपनी उड़ानों के समय में बदलाव के साथ ही कुछ उड़ानों को निरस्त भी किया है। रनवे पर सुबह 10.45 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक और कल से 26 जनवरी तक सुबह 11.15 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान यहां से उड़ानों का संचालन नहीं होगा। इसे देखते हुए इंदौर से दिल्ली के बीच संचालित होने वाली एयर इंडिया की सुबह की दिल्ली-इंदौर-मुंबई उड़ान को निरस्त किया गया है। वहीं इंडिगो ने भी इस दौरान संचालित होने वाली उड़ानों को निरस्त और रीशेड्यूल किया है। कंपनी अधिकारियों ने बताया कि इसकी जानकारी यात्रियों की दे दी गई है।