गृह क्लेश से तंग आकर युवक ने फांसी लगाकर दी जान 

Author Picture
By Sharma Published On: August 16, 2022

ग्वालियर। ग्वालियर में गृह क्लेश से तंग युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना का पता सुबह चला जब पत्नी की नींद खुली तो बिस्तर से पति गायब था। पत्नी पति को ढूंढते हुए दूसरे कमरे में पहुंची तो वह फांसी पर लटका मिला। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कामय कर लिया। घटना बिजौली थाना क्षेत्र के बिलेहटी गांव की है। रात को पति यह कहकर सोया था कि अपना ख्याल रखना और सुबह उसने यह कदम उठा लिया।

 

ग्वालियर के बिलहेटी गांव निवासी 35 वर्षीय सुल्तान कुशवाह पुत्र मुंशी कुशवाह ने घर में रोज-रोज के झगड़े तंग आकर फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक ने सोमवार रात खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया। रात करीब दो बजे उसकी पत्नी की नींद खुली तो वह बिस्तर पर नहीं था। उसने सोचा कि पति बाथरूम गया होगा और वह फिर सो गई। सुबह जब उसकी नींद खुली तो पति बिस्तर पर नहीं था। शंका हुई तो वह उसे तलाशने के लिए दूसरे कमरे में पहुंची तो देखा कि सुल्तान फांसी के फंदे से लटका हुआ था। पति को फांसी पर लटका देखकर उसने शोर मचाया तो अन्य परिजन वहां पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस पहुंचाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

 

बिजौली थाना प्रभारी साधना सिंह का कहना है कि एक युवक ने फांसी लगाकर जान दी है। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक गृह क्लेश से परेशान था।