केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के भतीजे का हुआ निधन

Author Picture
By Sharma Published On: May 1, 2023

नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर से बीजेपी के विधायक जालम सिंह पटेल के बेटे और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के भतीजे मणि नागेंद्र उर्फ मोनू पटेल (32) का रविवार को निधन हो गया। ब्रेन हेमरेज से उनकी मौत की पुष्टि हुई है।

 

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 1 बजे मोनू नरसिंहपुर के गोटेगांव स्थित घर के अपने कमरे में गया था। उसके बाद शाम 6 बजे तक जब उसका कमरा नहीं खुला, तो परिजनों ने जाकर देखा। मोनू बिस्तर पर उल्टा पड़ा मिला। मोनू को गोटेगांव के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया। शव अभी शासकीय अस्पताल में ही है। गोटेगांव के सरकारी अस्पताल में उनके समर्थकों की भीड़ मौजूद है। मोनू के निधन पर सांसद उदय प्रताप सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने ट्वीट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त की है।

 

कुछ दिन पहले ही नरसिंहपुर से भाजपा विधायक जालम सिंह पटेल और उनके बेटे मोनू पटेल को जबलपुर की विशेष अदालत से बड़ी राहत मिली थी। दोनों हत्या की कोशिश के मामले में आरोपी थे। कोर्ट ने पिता-पुत्र दोनों को दोषमुक्त करार दिया था। ये मामला नवंबर 2014 का है, जब गोटेगांव के एक शख्स ने विधायक, उनके पुत्र और गार्ड पर मारपीट कर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया था।