UPSC की छात्र ने सुसाइड नोट में लिखा प्यार में धोखा मिला इसलिए कर रही हूं सुसाइड

Author Picture
By Sharma Published On: June 8, 2022

इंदौर। रीवा से इंदौर पढ़ाई करने आई एक छात्रा ने मंगलवार दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। छात्रा यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। दोपहर में उसे सहेली ने देखा तो वह फंदे पर लटकी थी। पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने प्यार में धोखा मिलने की बात कही है। छात्रा के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल पहुंचाया है। छात्रा के घर से सुसाइड नोट मिला है। उसमें छात्रा ने प्यार में धोखा मिलने की बात कही है।

 

 

TI शंशिकात चौरसिया के मुताबिक मृतका रीवा के शारदापुरा की रहने वाली है। वह यहां अक्टूबर माह में ही आई थी। वह भंवरकुआं क्षेत्र में किराये का कमरा लेकर रह रही थी। सुबह से उसकी सहेली उसे कॉल कर रही थी। लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद वह दोपहर में सहेली के घर पहुंच गई। यहां खिड़की से झांककर देखा तो सहेली फंदे पर लटकी थी।

 

 

पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने बॉय फ्रेंड का जिक्र किया है। टीआई के मुताबिक छात्रा की रीवा के ही एक युवक से दोस्ती थी। जो उससे काफी समय से बात नहीं कर रहा था। आशा ने सुसाइड नोट में लिखा है कि प्यार में उसे धोखा मिला है। इसके चलते वह अपनी जान दे दी रही है। छात्रा ने अपने मोबाइल से बॉय फ्रेंड को कई कॉल किए थे।

 

 

छात्रा के पिता की 2013 में मौत हो चुकी है। उसका एक बड़ा भाई इलाहाबाद की एक निजी कंपनी में काम करता है। छात्रा की मौत की जानकारी मिलने के बाद रीवा से उसका परिवार इंदौर के लिये रवाना हो गया। वहीं भाई को भी पुलिस ने बुला लिया। भाई ने पुलिस को बताया कि सोमवार को उसकी बहन से बात हुई थी। जिसमें उसने 11 जून को दिल्ली जाने की बात कही थी। उसका यहां यूपीपीएसी का पेपर था। भाई ने रिजर्वेशन का कहा था। वहीं 5 जून को भी इंदौर में मेंस की एक्जाम दी थी। आशा करीब तीन सालों से यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। उसने रीवा से ही बीटेक किया था।