मौसम ने फिर ली करवट, MP इन जिलों में बारिश के चेतावनी

Author Picture
By Sharma Published On: February 27, 2022

भोपाल। एमपी में मौसम अचानक बदल गया है। सुबह ठंडक तो दोपहर में गर्मी महसूस हो रही है। बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बना है। इससे नमी आने की वजह से प्रदेश के कुछ इलाकों खासकर जबलपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। ग्वालियर और भोपाल में न्यूनतम तापमान नीचे आया। इंदौर और जबलपुर में पारा चढ़ा है। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि मौसम अचानक बदलने से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रभाव देखने को मिल सकता है। सर्दी-जुकाम के मरीज बढ़ सकते हैं। यह स्थिति 2 मार्च तक रहेगी। प्रदेश में 24 घंटों के दौरान पचमढ़ी, जबलपुर, सतना, उमरिया और मंडला जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई है। आज से मौसम साफ हो जाएगा। अभी तक बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही थी। इससे पश्चिमी मध्यप्रदेश यानी जबलपुर और बघेलखंड में इसका असर रहा।

 

 

48 घंटों के दौरान दिन और रात के तापमान में गिरावट और बढ़ोतरी देखने को मिली है। बीती रात कई इलाकों में पारा 2 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा गिर गया। हालांकि, पारे के अभी भी सामान्य से अधिक होने के कारण गर्मी बढ़ने लगी है। भोपाल, दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, दमोह, नरसिंहपुर, सागर और टीकमगढ़ में तापमान नीचे आया है। इससे इन इलाकों में सुबह के समय ठंडक रही।

 

 

प्रदेशभर में मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं हल्की बारिश, कहीं पारा 6 डिग्री तक ऊपर चला गया, तो कहीं नीचे आया है। बीती रात उमरिया में पारा 6 डिग्री तक चढ़ गया। इसके अलावा सीधी, सिवनी, सतना, रीवा, नौगांव, मंडला, खजुराहो, जबलपुर, बैतूल, होशंगाबाद, इंदौर, खंडवा, खरगोन, पचमढ़ी, और उज्जैन में न्यूनतम तापमान ऊपर चढ़ा है।