क्या फिर लगेगी लॉकडाउन जैसी पाबंदियां,PM मोेदी आज करेंगे बड़ी बैठक

Author Picture
By Sharma Published On: December 23, 2021

नई दिल्ली।भारत में भी ओमिक्रोन के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। 2 दिसंबर को भारत में ओमिक्रोन का पहला मरीज सामने आया था और 20 दिन में यह संख्या 238 पहुंच गई है। इस बीच, क्रिसमस और न्यू ईयर के कारण भीड़ जुटने का खतरा बढ़ गया है। यही कारण है कि केंद्र सरकार की चिट्ठी मिलने के बाद राज्यों ने लॉकडाउन (Lockdown in India) जैसी पाबंदियों पर काम करना शुरू कर दिया है। जैसे कर्नाटक में न्यू ईयर के जश्न पर पाबंदी लगा दी गई है। दिल्ली में भी पार्टियां नहीं हो सकेंगी। मुंबई में पार्टी में शामिल होने वाले मेहमानों की संख्या सीमित कर दी गई है। महाराष्ट्र में स्कूल बंद करने पर मंथन चल रहा है। बता दें, अभी देश में ओमिक्रोन के सबसे अधिक 65 मरीज महाराष्ट्र में ही है। गोवा में भी क्रिसमस और न्यू ईयर पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी है।

 

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी एक्शन में हैं। पीएम मोदी गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बड़ी बैठक करने जा रहे हैं। बैठक का एजेंडा देश में ओमिक्रोन के तेजी से बढ़ते केस हैं। आशंका जताई जा रही है कि ओमिक्रोन के ये बढ़ते केस ही देश में तीसरी लहर का कारण बनेंगे। जानकारों का यह भी मानना है कि फरवरी 2022 में भारत में ओमिक्रोन के केस पीक पर पहुंच सकते हैं। तब हो सकता है कि एक दिन में एक से डेढ़ लाख केस सामने आएं। अच्छी बात यह है कि ओमिक्रोन, डेल्टा वेरिएंट जितना घातक नहीं है। यही कारण है कि यह बीमारी तेजी से जरूर फैल रही है, लेकिन मरने वालों की संख्या बहुत कम है।