महिला का सिर पत्थर से कुचलकर की हत्या, इलाके में फैली सनसनी

Author Picture
By Sharma Published On: November 29, 2022

इंदौर। पुलिस के तमाम दावों के बाद भी अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे है। मंगलवार सुबह ही हत्या से शुरुआत हुई। रावजी बाजार थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक महिला की हत्या कर दी। महिला के सिर को पत्थरों से कुचला गया है। पुलिस और फोरेंसिक अफसर जांच में जुटे हैं।

 

घटना कुमावतपुरा क्षेत्र की है। लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। टीआइ प्रीतमसिंह मौके पर पहुंचे। बताया जाता महिला की उम्र करीब 45 साल के आसपास है। महिला के सिर पर पत्थर से वार हुआ है। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी बुलाया। खबर लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हुई थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकाल रही है।

 

दो दिनों में यह दूसरी घटना है जब महिला की हत्या इतनी बेहरहमी से हुई है। इससे पहले दो दिन पूर्व ही एरोड्रम क्षेत्र के विद्या पैलेस में भी महिला की हत्या की घटना सामने आई थी। इसकी कहानी अनैतिक गतिविधियों के आसपास घूम रही है। 34 वर्षीय वंदना रघुवंशी की मौत की गुत्थी तीसरे दिन भी नहीं सुलझ पाई। पुलिस अभी अंधेरे में तीर चला रही है। न सीसीटीवी फुटेज मिलें न कोई चश्मदीद मिला। जांच अब अनैतिक कार्यों में लिप्त युवक-युवतियों के आसपास जाकर ठहर गई है। उसके साथ रहने वाली युवती तो गलत कामों के आरोप में जेल से छुटी है।

 

 

एरोड्रम थाना क्षेत्र के विद्या पैलेस कालोनी में रविवार दोपहर वंदना की लाश मिली थी। वंदना की आंखों में मिर्ची झोंककर उसका गला रेता गया था। मूलत: पाटनीपुरा क्षेत्र में रहने वाली वंदना टिफिन सेंटर चलाने का बोलकर घर किराए के मकान में रहने आ जाती थी। घर वाले उस पर शक न करें इसलिए नियमित आठ बजे घर पहुंच जाती थी। पुलिस को जानकारी मिली की घर से अनैतिक काम चल रहा था। वंदना के साथ दो लड़कियां भी रहती थी। उसमें से एक लड़की तो गलत कार्यों के आरोप में जेल की हवा भी खा चुकी है। पुलिस वंदना की काल डिटेल निकाल कर उसके संपर्कों की जांच में जुटी है।