आपसी विवाद में युवक का सिर धड़ से अलग, शव के किए 12 टुकड़े 

Author Picture
By Sharma Published On: March 28, 2023

उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में आपसी विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर शव के 12 टुकड़े कर दिए गए। आरोपी मृतक का सिर लेकर छत पर टहलने लगा। आस-पड़ोस की महिलाओं ने देखा तो उनकी चीख निकल गई। पुलिस ने सोमवार शाम को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

ये है पूरी घटना उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मजमानी कला की है। पास के ही गांव डोंगरगवां का रहने वाला सूरज सोमवार दोपहर शंभू झारिया (36) पिता जगदीश झारिया के घर आया था। शंभू अपने घर पर अकेला था। उसकी पत्नी मायके गई थी। सूरज और शंभू में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। सूरज ने धारदार हथियार टांगी से हमला कर दिया। शंभू की मौके पर ही मौत हो गई।

 

जानकारी देते हुए ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले सूरज और शंभू साथ बैठे थे, इस दौरान उनकी बहस हो गई थी। दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी भी दी थी। जिसके बाद सोमवार को सूरज शंभू के घर पहुंचा था। हत्या करने के बाद सूरज ने शंभू का सिर धड़ से अलग कर दिया। शव के 12 टुकड़े किए। इसके बाद वह सिर लेकर छत पर पहुंच गया। गांव की महिलाओं के शोर मचाने पर सूरज ने सिर सड़क पर फेंक दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस अधीक्षक प्रमोद सिंहा पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली। कोतवाली थाना प्रभारी राघवेन्द्र तिवारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार शंभू के बेटे लवकुश झरिया ने कुछ दिन पहले आत्महत्या कर ली थी। बेटे की मौत के बाद परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। वारदात के दौरान शंभू की पत्नी दोनों बच्चियों के साथ मायके गई थी।