युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने भोपाल में रोकी थी ट्रेन, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Author Picture
By Sharma Published On: March 26, 2023

इंदौर। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को भोपाल जीआरपी पुलिस गिरफ्तार करने रविवार को झाबुआ पहुंची। विक्रांत ने शुक्रवार को भोपाल में ट्रेन रोकी थी। वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद से सदस्यता समाप्त करने का विरोध कर रहे थे। जब पुलिस झाबुआ पहुंची तो भूरिया के समर्थकों ने वाहन को घेर लिया। पुुलिस अफसरों ने कहा कि भोपाल में विक्रांत भूरिया, अखिलेश सोमवंशी सहित १५ कार्यकर्ताओं के खिलाफ भादंवि की धारा१४३, रेलवे एक्ट की धारा १४५ के तहत केस दर्ज किया है।

 

 

 

गिरफ्तारी को लेकर विक्रांत ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने जिंदगी गुजारकर देश को आजादी दिलाई है। जेल जाने से हम नहीं डरते है। भाजपा सरकार बदले की भावना से राजनीति कर रही है। जो सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है। उसकी आवाज दबाने की कोशिश की जाती है। राहुल गांधी और हमारी लड़ाई देश के लिए जारी रहेगी। उधर भूरिया को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाने के लिए इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ता चंदन नगर, बायपास पर एकत्र हो गए।

 

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद से सदस्यता समाप्त करने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल के कमलापति स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर जबलपुर की तरफ जाने वाली ट्रेन रोकी थी। हंगामे के कारण १५ मिनट तक ट्रेन रुकी रही। विक्रांत भूरिया के साथ कार्यकर्ता झंडे लेकर इंचन पर चढ़ गए और नारेबाजी थी। बाद में मौके पर पुलिस ने पहुंच कर कार्यकर्ताओं को हटाया और ट्रेन को रवाना किया था।