बीजेपी को बड़ा झटका ,इस मामले में सांसद पर हुई एफआईआर

Author Picture
By Sharma Published On: October 28, 2021

सतना। सतना के रैगांव में विधानसभा उपचुनाव का प्रचार थमने के बाद भी कांग्रेस और भाजपा की जुबानी जंग कम नहीं हो रही है। गुरुवार को कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना वर्मा का रैगांव क्षेत्र में सतना सांसद गणेश सिंह से आमना-सामना हो गया। प्रचार थमने के बाद बाहरी सांसद को क्षेत्र में देख कल्पना तमतमा गईं। उन्होंने सांसद से कहा कि आप उठिए और तत्काल क्षेत्र से बाहर चले जाइए। 30 के बाद आकर आप यहां जलपान कर लेना। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर बहस होती रही। इसके बाद सांसद वहां से चले गए।

 

रैगांव विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रचार 27 अक्टूबर की शाम 6 बजे से थम गया है। अब बाहरी लोगों का क्षेत्र में रुकना प्रतिबंधित है। गुरुवार को सतना के भाजपा सांसद गणेश सिंह सितपुरा में जनपद सदस्य संजय मिश्रा के घर बैठे थे। क्षेत्र में उनकी मौजूदगी की जानकारी कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना वर्मा को मिली तो वो भी जनपद सदस्य के घर पहुंच गईं।

 

कांग्रेस प्रत्याशी ने सांसद को आचार संहिता के नियम बताते हुए खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा – आप सांसद हैं, ठीक है लेकिन बाहरी हैं इसलिए आप यहां से उठिए और क्षेत्र से बाहर चले जाइए, यह मेरा विनम्र निवेदन है। सांसद ने कहा – आप शिकायत कर दीजिए। वर्मा अपनी बात पर अड़ी रहीं आखिरकार सांसद वहां से उठे और अपनी कार में बैठकर रवाना हो गए। कांग्रेस ने इसकी सूचना जिला निर्वाचन कार्यालय को भी दी। सूचना के बाद एसडीएम और तहसीलदार के नेतृत्व में एफएसटी स्क्वाड मौके पर जांच करने पहुंचा। इस मामले में सांसद गणेश सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। सांसद के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 126, धारा 188 IPC के तहत नागौद थाना में प्रकरण दर्ज किया गया है।