सीधी में 54 यात्रियों से भरी बस बाणसागर नहर में गिरी, 15 शव निकाले 40 से ज्यादा के मरने की आशंका

Author Picture
By Sharma Published On: February 16, 2021

मध्यप्रदेश के सीधी में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों से भरी बस बाणसागर नहर में गिर गई। अब तक 15 के शव नहर से निकाले गए हैं। 7 यात्रियों को बचाया गया है जबकि ड्राइवर तैरकर बच निकला। उसे हिरासत में लिया है। बस में 54 यात्री सवार थे। अधिकारियों ने आशंका जाहिर की है कि मृतकों की संख्या 40 से ज्यादा हो सकती है।

एएसपी अंजुलता पटले ने बताया 15 शव निकाले जा चुके हैं। शेष सभी यात्रियों की मौत की आशंका है। हादसा रामपुर के नैकिन इलाके में सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ है। बस सीधी से सतना जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक, बस की क्षमता 32 सवारियों की थी, लेकिन इसमें 54 यात्री भर लिए गए थे। सीधी मार्ग पर छुहिया घाटी से होकर बस को सतना जाना था, लेकिन यहां जाम की वजह से ड्राइवर ने रूट बदल दिया। वह नहर के किनारे से बस ले जा रहा था। यह रास्ता काफी संकरा था और इसी दौरान ड्राइवर ने संतुलन खो दिया। झांसी से रांची के जाने वाला हाईवे सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली होते हुए जाता है। यहां जगह-जगह सड़क खराब और अधूरी है। इस वजह से यहां आए दिन जाम की स्थिति रहती है।

SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है। बस को क्रेन से बाहर निकाला जा रहा है। गोताखोर भी वहां मौजूद हैं। नहर में पानी का बहाव तेज होने की वजह से रेस्क्यू टीम जलस्तर कम होने का इंतजार कर रही थी। आशंका है कि तेज बहाव के चलते लोग घटना स्थल से काफी दूर बह गए होंगे। ऐहतियातन बाणसागर डैम से नहर का पानी रोक दिया गया है। नहर का जलस्तर कम करने के लिए इसके पानी को सिहावल नहर में भेजा जा रहा है।

 

  Daily Update के लिए अभी डाउनलोड करे : MP samachar का मोबाइल एप