फेंगल के असर से MP में छा रहे बादल,13 जिलों में बारिश की संभावना

Author Picture
By Desk Input Published On: December 4, 2024

भोपाल : फेंगल तूफान के असर से हवाओं का रुख बदलने लगा है। हवाओं के साथ आ रही नमी के कारण मध्य प्रदेश में आंशिक बादल छाने लगे हैं। रात का तापमान बढ़ने से फिलहाल कड़ाके की ठंड से राहत मिल गई है। मंगलवार को सिर्फ दो शहरों नौगांव एवं टीकमगढ़ में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।

हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। प्रदेश में दिन का सबसे अधिक 32.3 डिग्री सेल्सियस तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इस दौरान नर्मदापुरम संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा भी हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर भारत क्षेत्र में जेट स्ट्रीम बना हुआ है। अरब सागर में तूफान फेंगल कुछ कमजोर पड़ने के बाद मौजूद है। फेंगल तूफान वर्तमान में कमजोर पड़कर गहरे कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होकर कर्नाटक के आसपास मौजूद है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।

 

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि तूफान के प्रभाव से हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी हो गया है। हवाओं के साथ नमी आने के कारण मध्यम स्तर के बादल छाने लगे हैं। इस वजह से प्रदेश के अधिकतर जिलों में रात का तापमान बढ़ने लगा है। इस वजह से कड़ाके की ठंड से राहत मिल गई है। इस तरह की स्थिति दो दिन तक बनी रह सकती है। उसके बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है।