चुनावी सभा में सीएम शिवराज के बड़े ऐलान ,कमलनाथ पर कसा तंज

Author Picture
By Sharma Published On: October 26, 2021

देवास। सीएम शिवराज ने देवास के उदयनगर में चुनावी सभा को संबांधित किया। खंडवा लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में उन्होंने सभा ली। सीएम शिवराज ने कहा कि एक ही घर में परिवार के कई सदस्य होने की परेशानी जब पता चली, तो मैंने मुख्यमंत्री भू अधिकार योजना बना दी। जिसमें परिवार के अन्य सदस्यों को अलग से जमीन दी जाएगी और उनका मकान बनेगा। प्रधानमंत्री आवास के तहत जिनके नाम नहीं जुड़े हैं उनके लिए आवास प्लस सर्वे कर नाम जोड़े जा रहे हैं। लोग झोपड़ी, कच्चे मकान में रह रहे हैं उनके लिए पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे। प्रदेश में सभी का पक्का मकान होगा। सीएम ने कहा बागली सहित जहां भी महिलाओं के स्व सहायता समूह की संख्या कम है वहां महिलाओं को जोड़कर इनकी संख्या बढ़ाई जाए। बच्चों के स्कूल यूनिफार्म की सिलाई और आंगनबाड़ी के पोषाहार की जिम्मेदारी इन्हीं समूह को दी जा रही है।

सीएम ने कहा हम अपनी बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संकल्पित हैंऔर इस दिशा में निरंतर योजनाबद्ध कार्य कर रहे हैं। हमने तय कर दिया है कि स्वसहायता समूह की हमारी बहनें गणवेश तैयार करने के अलावा पोषण आहार भी बनाएंगी। मैंने प्रदेश के 77 लाख किसानों के बैंक खातों में 1540 करोड़ रुपये डाले। इस पर भी कांग्रेस ने एतराज जताया और मेरी शिकायत की। किसान कल्याण से कांग्रेस को बड़ी तकलीफ होती है। इसी कांग्रेस ने किसानों को धोखा दिया है।

केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी हैं प्रदेश में भाजपा सरकार। कांग्रेस को वोट देने से क्या फायदा? दिल्ली में राहुल बाबा और प्रदेश में कमल नाथ, बाकी कांग्रेस हुई अनाथ। यह विकास नहीं कर सकते। सीएम ने कहा, मेरा आप सबसे आग्रह है कि भाजपा को अपना आशीर्वाद देकर ज्ञानेश्वर पाटिल को भारी मतों से विजयी बनाइए और विकास एवं जनकल्याण के कार्यों की जिम्मेदारी मुझ पर छोड़ दीजिए।