कांग्रेस विधायक देवव्रत सिंह का हार्ट अटैक से निधन.. 

Author Picture
By Sharma Published On: November 4, 2021

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जे के खैरागढ़ विधायक देवव्रत सिंह का निधन हो गया है। बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 3 बजे देवव्रत सिंह काे दिल का दौरा पड़ा, जिसके चलते उनकी मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक की शिकायत के बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं। राजनांदगांव के सीएमएचओ मिथलेश चौधरी ने विधायक देवव्रत सिंह के निधन की पुष्टि की। देवव्रत सिंह खैरागढ़ राज परिवार के सदस्य थे। उनके समर्थकों में निधन की खबर के बाद शोक की लहर है। उनके निज निवास पर समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। समर्थकों का कहना है कि इस बार राज परिवार की दिवाली काली हो गई है।

 

बात दे लंबे समय तक कांग्रेस में रहे देवव्रत सिंह ने विधानसभा चुनाव 2018 से पहले पूर्व सीएम अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे ज्वाइन कर ली थी। पार्टी ने उन्हें टिकट भी दिया।देवव्रत सिंह जेसीसीजे के उन पांच लोगों में शामिल थे जिन्हें विधानसभा चुनाव में जीत मिली थी। इससे पहले वे कांग्रेस की टिकट पर एक बार खैरागढ़ के विधायक व एक बार राजनांदगांव के सांसद रह चुके थे।

 

 

हालांकि पिछले कुछ दिनों से चर्चा थी कि देवव्रत सिंह जेसीसीजे को छोड़ कांग्रेस में फिर से शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा था कि उन्होंने पिछले कुछ माह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात भी की थी। दिवाली त्योहार को देखते हुए वे अपने निवास पर ही थे। बुधवार की शाम तक उनकी तबीयत ज्यादा खराब नहीं थी, रात में अचानक ही तबीयत बिगड़ी। हृदय घात होने से उनकी मौत हो गई।