कांग्रेस विधायक के बेटे की बढ़ी मुश्किलें, जगह-जगह लगे पोस्टर में 15 हजार रूपए इनामी राशि

Author Picture
By Sharma Published On: October 17, 2021

उज्जैन। उज्जैन की बड़नगर विधानसभा से कांग्रेसी विधायक मुरली मोरवाल के बेटे और दुष्कर्म के आरोपी करण मोरवाल की मुसीबत अब और बढ़ गई हैं। इंदौर पुलिस ने बड़नगर के चौराहों पर जगह-जगह उसके पोस्टर लगा दिए हैं। उसकी जानकारी देने पर 15000 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। करण के खिलाफ एक युवती की शिकायत पर इंदौर पुलिस ने बलात्कार सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था।

 

गौरतलब है कि केस दर्ज होने के बाद से आरोपी करण पुलिस की गिरफ्तार से दूर है। इंदौर महिला थाने की एसआई रश्मि पाटीदार और एएसआई ममता सहित दस पुलिस कर्मियों ने शनिवार शाम को बड़नगर पहुंचकर चौराहों पर आरोपी के पोस्टर चिपकाए। पुलिस करण के घर और गार्डन पर भी पहुंची आरोपी वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने वहां भी पोस्टर चिपका दिए। पुलिस ने बड़नगर के रहवासियों से उसके बारे में जानकरी देने को कहा है।

 

बता दें, पुलिस ने पहले भी करण पर 5 हजार रुपये की घोषणा की थी। अब एक बार फिर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम की राशि बढ़ाई गई है। पुलिस ने आरोपी के नाम दर्ज संपत्ति का ब्योरा भी हासिल कर लिया है। अगर आरोपी तय समय पर हाजिर नहीं हुआ तो पुलिस उसकी संपत्ति अटैच करेगी। पुलिस के मुताबिक, दुष्कर्म के आरोपी करण पर पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था।