लूटेरी दुल्हन: पहले प्यार, फिर शादी और पति के लाखों ले उड़ी पत्नी

Author Picture
By Sharma Published On: August 26, 2024

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दुल्हन ने अपने पति को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। घटना के अनुसार, शादी के दो साल बाद यह दुल्हन अपने पति के पैसे और गहने लेकर फरार हो गई। इस धोखाधड़ी का शिकार हुए पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने इस लुटेरी दुल्हन की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, इंदौर के हीरा नगर क्षेत्र में रहने वाले संदीप पीलोदा ने अपनी पत्नी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। संदीप का कहना है कि उसकी पत्नी ने पहले भी कई शादियां की हैं और विभिन्न लोगों से लाखों रुपये ठगे हैं। संदीप ने पुलिस को बताया कि 2022 की दीपावली पर उसकी मुलाकात एक महिला से हुई, जिससे उसे पहली नजर में प्यार हो गया। पांच महीने बाद उन्होंने शादी कर ली।

शादी के बाद संदीप अपनी पत्नी के मायके में घर जमाई बनकर रहने लगा। इस दौरान, उसकी पत्नी ने उससे सोने-चांदी की ज्वेलरी खरीदवाई और पैसे अपने पास रख लिए। कुछ समय बाद, महिला ने संदीप से दूरी बना ली, और जब उसने अपनी रकम वापस मांगी, तो महिला अपने परिजनों के साथ कहीं और चली गई। अब संदीप ने हीरा नगर क्षेत्र के डीसीपी हंसराज सिंह को इस मामले में शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

डीसीपी हंसराज सिंह ने बताया कि इस महिला के कई अन्य राज्यों में भी शादी करने की जानकारी मिली है। पुलिस टीम महिला की तलाश में जुटी हुई है और संदीप से धोखाधड़ी के इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है।