पूर्व सीएम कमलनाथ ने पुलिस को दी ये चेतावनी

Author Picture
By Sharma Published On: June 19, 2023

उज्जैन। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निशाने पर पहले अफसर थे, अब पुलिस आ गई है। उन्होंने उज्जैन के महिदपुर में पुलिस को चेतावनी दे दी। उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों को परेशान कर रही है। पुलिस वालों को वर्दी की इज्जत करना सीख लेना चाहिए। वरना कमलनाथ की चक्की देर से चलती है मगर बहुत बारीक से पीसती है।

 

महिदपुर में आम सभा में कमलनाथ ने कहा कि यह मध्यप्रदेश नहीं, चौपट प्रदेश है। यहां की सरकार चौपट है। यहां की शिक्षा व्यवस्था चौपट है। यहा रोजगार चौपट है। यहां की कानून और स्वास्थ्य व्यवस्था भी चौपट है। मध्यप्रदेश में 18 वर्षों से शिवराज सिंह चौहान की सरकार है, जिसके पास बताने के लिए कोई विकास कार्य नहीं है। इनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार जरूर बढ़ा है। कुछ महीने और फिर मध्यप्रदेश मे कांग्रेस की सरकार आ रही है।

 

कमलनाथ ने सोमवार को सबसे पहले पदाधिकारियों की बैठक की। उसके बाद आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महिदपुर वह क्षेत्र है, जहां मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार होता है। भ्रष्टाचार ऊपर से शुरू होकर नीचे तक पहुंचता है। इस सरकार से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। मजदूर परेशान है। युवा बेरोजगारी से परेशान है। किसान खाद-बीज न मिलने से परेशान है। व्यापारी वर्ग भी नई-नई नीतियों के कारण परेशान हो रहे हैं। हमारी चिंता यही है कि मध्यप्रदेश को आखिर कैसे सुरक्षित रखा जा सके? धर्म के नाम पर जो राजनीति करते हैं, उन्होंने धर्म को भी भ्रष्टाचार का माध्यम बना लिया है। महाकाल लोक का घोटाला एक ऐसा घोटाला है, जिससे पूरे विश्व में मध्य प्रदेश सरकार कलंकित हुई है। मध्य प्रदेश की इस खोखली सरकार को विदा करने का समय आ गया है और हम मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विदा करने के लिए बिल्कुल तैयार है।

 

कांग्रेस की इस सभा में मंच के पीछे लगे पोस्टर पर स्लोगन लिखा था। उस पर लिखा था जनता खड़ी है साथ लौट रहे हैं कमलनाथ। आम सभा में हजारों लोगों की भीड़ थी। आमसभा में कई बार पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भ्रष्टाचार मिटाने और मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार को वापस लाने की बात पर हजारों लोगों ने हाथ उठाकर हामी भरी।