सचिन बिरला के बीजेपी में शामिल होने पर कमलनाथ और दिग्गी ने कही ये बड़ी बात

Author Picture
By Sharma Published On: October 24, 2021

भोपाल। बड़वाह से कांग्रेस विधायक सचिन बिरला के भाजपा में शामिल होने पर पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि सौदेबाजी की राजनीति का जनता जवाब देगी।भाजपा ने सौदेबाजी से प्रदेश में अपनी सरकार बनाई है। उन्हें जनता ने चुनावों में नकार दिया था।

 

उन्‍होंने कहा कि अब प्रदेश में हो रहे इन चार उपचुनावों में भी भाजपा ने जनता का मूड देख लिया है और उसे संभावित परिणाम का अंदेशा हो चला है। जनता अब भाजपा को एक पल भी सत्ता में देखना नहीं चाहती है इसलिए अब अपनी सरकार और खोए हुए जनाधार को बचाने के लिए भाजपा एक बार फिर सौदेबाजी करके प्रदेश की राजनीति को कलंकित करने के साथ लोकतंत्र में जनता को मिले वोट के अधिकार का अपमान करने में लग गई है। उन्होंने कहा कि भले ही भाजपा सत्ता बचाने के लिए कितनी भी सौदेबाजी की राजनीति कर ले लेकिन जनता इन चुनावों में जवाब देगी।

 

सचिन बिरला के भाजपा में शामिल पर राज्‍यसभा सदस्‍य पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि जो बिकाऊ है वह बिकेगा और जो टिकाऊ है वह टिकेगा।