सीधी में एक बार फिर आदिवासी युवक के साथ बर्बरता, लॉकअप में बंद कर, निर्वस्त्र करके पीटा

Author Picture
By Sharma Published On: August 27, 2024

सीधी:जिले के अमिलिया थाने में एक आदिवासी युवक के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है, जहां पुलिसकर्मियों ने उसे घर से उठाकर लॉकअप में बंद कर दिया और निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा। युवक ने इस घटना की शिकायत एसपी से की, जिसके बाद एसपी ने मामले की जांच के लिए चुरहट एसडीओपी को निर्देश दिए और एसआई ऋषि द्विवेदी को थाने से हटा दिया है।

कोदौरा गांव के आदिवासी युवक कन्हैयालाल, पिता श्रीलाल कोल, सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचा और अपने साथ हुई ज्यादती की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रविवार को तीन पुलिसकर्मी उनके घर आए और उन्हें थाने चलने को कहा, यह कहते हुए कि उनके खिलाफ संखलाल वर्मा ने शिकायत की है। जब कन्हैयालाल थाने पहुंचे, तो उन्हें लॉकअप में बंद कर दिया गया, जहां पुलिसकर्मियों ने उनके कपड़े उतरवाकर उन्हें बुरी तरह से पीटा। पीटाई के कारण उनके शरीर पर कई जगह काले निशान बन गए।

लॉकअप से बाहर निकाले जाने के बाद कन्हैयालाल ने थाना प्रभारी राजेश पांडेय से शिकायत की, लेकिन उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उन्हें भगा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने चुरहट एसडीओपी को जांच के निर्देश दिए हैं।