महाकाल मंदिर में VIP ने फिर किया नियमों का उल्लंघन

Author Picture
By Desk Input Published On: October 18, 2024

उज्जैन। उज्जैन (महाकाल मंदिर)। महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रतिबंध के बावजूद एक बार फिर वीआईपी को प्रवेश दिया गया। इस बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र, सांसद श्रीकांत शिंदे, उनकी पत्नी और दो अन्य लोगों ने गर्भगृह में जाकर पूजा अर्चना की। चारों ने गर्भगृह में लगभग 6 मिनट तक पूजा की।

ये घटना शाम करीब 5:30 बजे हुई, जब चारों ने गर्भगृह में प्रवेश किया और पूजा-पाठ किया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। गौरतलब है कि पिछले एक वर्ष से गर्भगृह में किसी भी श्रद्धालु का प्रवेश प्रतिबंधित है, और केवल पुजारियों को ही अनुमति है। इसके बावजूद कई वीआईपी बार-बार इस नियम का उल्लंघन कर रहे हैं।

गर्भगृह में प्रवेश के दौरान सुरक्षा प्रभारी जयंत राठौर और गर्भगृह निरीक्षक भी उपस्थित थे। तराना विधायक महेश परमार ने वीआईपी के गर्भगृह में प्रवेश पर कड़ी आपत्ति जताई है। कलेक्टर और महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि किसी को भी गर्भगृह में जाने की अनुमति नहीं दी गई है। प्रशासक गणेश धाकड़ ने कहा कि गर्भगृह निरीक्षक और अन्य दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।