MP News: मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय छात्रा के साथ हुई घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है। आठवीं कक्षा की यह छात्रा शुक्रवार सुबह स्कूल गई थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने देर शाम तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस में गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई गई।
बंद मकान में रखकर की गई गंभीर वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि छात्रा को स्कूल के बाहर से दो आरोपियों ने अगवा कर लिया था और उसे एक सुनसान बंद मकान में ले जाया गया। पीड़िता के बयान के अनुसार उसके साथ रातभर गंभीर अपराध किया गया। शनिवार सुबह पुलिस सर्च ऑपरेशन के दौरान झुकेही तालाब के पास स्थित एक मकान से उसे बरामद करने में सफल रही।
त्वरित कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी सनी कोहली (25) और गोलू उर्फ दीपक बसोर (38) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दीपक बसोर पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और निगरानीशुदा बदमाश है।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच तेज
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता को मेडिकल जांच और काउंसलिंग के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में और भी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी।


