MP News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र के दुकली गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। खेत में चल रहे एक निर्माणाधीन कुएं की तराई के दौरान अचानक जमीन धंस गई और बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में मां और बेटी की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि परिवार की बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
अचानक धंसा 40 फीट गहरा कुआं
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब चार बजे खेत में तराई का काम चल रहा था। इसी दौरान 42 वर्षीय अनुसूईया जंघेला, उनकी 16 वर्षीय बेटी स्वाति जंघेला और 75 वर्षीय समनिया जंघेला कुएं के पास मौजूद थीं। अचानक करीब 40 फीट गहरा निर्माणाधीन कुआं भरभराकर धंस गया और देखते ही देखते दोनों मां-बेटी मलबे में दब गईं। हादसे में बुजुर्ग महिला का शरीर मलबे के ऊपरी हिस्से में फंस गया, जिसे ग्रामीणों ने रस्सियों की मदद से बाहर निकाल लिया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
नौ घंटे चला रेस्क्यू अभियान, रातभर चला ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। कलेक्टर, एसपी, एएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। एसडीईआरएफ की टीम ने शाम करीब सात बजे से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से कुएं में भरे मलबे को हटाया गया। रात करीब साढ़े बारह बजे अनुसूईया जंघेला का शव बरामद हुआ, जबकि उनकी बेटी स्वाति की तलाश लगातार जारी रही। कई घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार तड़के करीब चार बजे स्वाति का शव भी मलबे और दलदल से बाहर निकाला गया। इस दौरान रेस्क्यू टीम को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
गहराई और पानी बना सबसे बड़ी चुनौती
रेस्क्यू अभियान के दौरान सबसे बड़ी चुनौती 40 फीट गहरी संरचना, उसमें भरा पानी और लगातार धंसने का खतरा था। अंधेरे में चल रहे इस ऑपरेशन में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई ताकि कोई और हादसा न हो। प्रशासन ने एहतियातन कुएं के आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया और बाद में मलबे से कुएं को भरकर बंद कर दिया गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव
मंगलवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। बंडोल थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेत में निर्माणाधीन कुएं का कंक्रीटीकरण हाल ही में किया गया था और उसी की तराई के लिए तीनों महिलाएं वहां गई थीं। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरा सदमा दिया है और गांव में मातम का माहौल है। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि निर्माण कार्य में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई थी।


