मध्य प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी का दायरा और विस्तार हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में चार नई सीधी हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया। इन नई उड़ानों में भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच हवाई मार्ग शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भोपाल से रीवा के लिए पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन सभी सेवाओं का संचालन अलायन्स एयर द्वारा किया जाएगा। राज्य सरकार की ‘मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति’ के तहत इन मार्गों को वित्तीय सहायता दी जा रही है, जिसमें प्रत्येक राउंड ट्रिप पर 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) का प्रावधान है।
इन नई उड़ानों से राज्य के भीतर और अंतर्राज्यीय संपर्क में बड़ा सुधार आएगा। भोपाल-रीवा उड़ान से विंध्य क्षेत्र राजधानी से सीधे जुड़ गया है, वहीं भोपाल-पटना सेवा से बिहार और मध्य प्रदेश के बीच व्यापारिक व व्यक्तिगत आवागमन सुगम होगा। इसके अलावा, रीवा और जबलपुर से कोलकाता के लिए सीधी कनेक्टिविटी शुरू होने से पूर्वी भारत के साथ प्रदेश के महत्वपूर्ण शहरों का संपर्क और मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जारापु राममोहन नायडू, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और विमानन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सरकार का मानना है कि इन सेवाओं से पर्यटन, शिक्षा और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार अब तक नागरिक विमानन नीति के अंतर्गत कुल 8 नए हवाई मार्गों को मंजूरी दे चुकी है, जिनमें से चार पर सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं।